पार्टी से मिली जिम्मेदारी को ठीक से पूरा किए तो 2027 में हमें जीतने से कोई नहीं रोक सकता : पंकज चौधरी
लखनऊ, 12 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ संगठनात्मक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला समितियों, मंडल समितियों, शक्तिकेन्द्र एवं बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 के लिए प्रत्येक बूथ पर निश्चित विजय का लक्ष्य लेकर योजनाबद्ध ढंग से कार्य करना होगा। जो कार्य हमें संगठन देता है, अगर प्रत्येक कार्यकर्ता उसे करता है तो 2027 में हमें जीतने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि विगत चुनावों में जिन बूथों पर भाजपा को सफलता मिली, वहां पर जीत के अंतर को और अधिक बढ़ाने का काम किया जाए। जबकि अपेक्षाकृत कमजोर बूथों पर विशेष परिश्रम करके उन्हें भाजपा के अनुकूल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि 2017 से बड़ी विजय 2027 में प्राप्त करने के संकल्प के साथ कार्य करना है। बूथ स्तर पर प्रत्येक कार्यकर्ता की क्षमता का उपयोग, सामूहिकता, समन्वय तथा प्रभावी रणनीति के साथ कार्य करना ही प्राथमिकता होनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ताओं को अधिक सजग होकर विपक्ष के प्रत्येक झूठ का घर-घर जाकर पर्दाफाश करना होगा।
पुराने कार्यकर्ताओं को किया जाय सक्रिय: धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने जिला समिति, मंडल समिति, शक्तिकेन्द्र तथा बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक माह नियमित बैठकों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों में ऐसे सभी परिश्रमी एवं क्षमतावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाए। प्रत्येक बूथ पर पुराने एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करके उन्हें संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों में सक्रिय किया जाए।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि जिला समितियों की बैठकें प्रत्येक माह की 01 से 15 तारीख के बीच आयोजित हों। वहीं माह के प्रथम सप्ताह में मंडल समिति, तृतीय सप्ताह में शक्तिकेन्द्र की बैठकें नियमित रूप से सम्पन्न की जाएं। माह के अंतिम सप्ताह में मन की बात कार्यक्रम के साथ बूथ समिति की बैठकें आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि आगामी समय में विधानसभा स्तर पर बूथ अध्यक्ष की बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन