भाजपा की दाे दिवसीय प्रदेश योजना बैठक में मुख्यमंत्री और शीर्ष नेतृत्व ने बनाई चुनावी रणनीति, राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे समापन
-संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर
-मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे शिरकत
मथुरा, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश योजना बैठक सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ ग्राम धाम अनुसंधान प्रशिक्षण केंद्र, परखम में आरंभ हुई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की विशेष उपस्थिति रही, जिनके मार्गदर्शन में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया। समापन अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उपस्थित रहेंगे।
बैठक के दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ सशक्तिकरण और पार्टी संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
इस उच्चस्तरीय बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, प्रदेश सह-प्रभारीगण, सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय स्तर पर राज्यसभा सासंद चौधरी तेजवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, प्रदेश प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा और जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बैठक की व्यवस्थाओं में सहभागिता की।
भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने जानकारी दी कि योजना बैठक के प्रथम दिन कुल 55 पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, बैठक के दूसरे दिन यानी मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोपहर 12 बजे योजना बैठक में विशेष रूप से शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार