कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रगीत के कथित अपमान के विरोध में भाजयुमो ने निकाला मशाल जुलूस
फिरोजाबाद, 16 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय पर राष्ट्रगीत के कथित अपमान के विरोध में रविवार को उत्तर प्रदेश में भाजपा युवा मोर्चा टीम ने फिरोजाबाद महानगर में मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत का सम्मान पूर्वक गायन किया।
फिरोजाबाद महानगर अध्यक्ष अंकित तिवारी के नेतृत्व में मशाल जुलूस का आरम्भ शहर के प्रमुख चौराहे जैन मंदिर से होकर, सरकारी अस्पताल के सामने होते हुए होकर कांग्रेस कार्यालय पर उसका समापन हुआ तथा वहीं सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत का सम्मान पूर्वक गायन किया। जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रगीत देश की एकता, अखंडता और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए इसके अपमान को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
महानगर अध्यक्ष अंकित तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत के अपमान के मामले में संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मशाल जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें लेकर विरोध दर्ज कराया और राष्ट्रहित एवं राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। राष्ट्रगीत का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, राष्ट्रगीत के सम्मान में युवा मोर्चा मैदान में, ऐसे नारों के साथ युवा ने अपना विरोध दर्ज किया।
इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजयुमो योगेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष प्राचीन सेठ, लाईक सिंह, सत्यवीर गुर्जर, पार्षद नरेश शर्मा, आशीष, लाखन सिंह, राजेश झा, विकास दिवाकर, गौरव, अवनीश, उत्कर्ष आदि कार्यकर्त्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़