मिशन-2027 फतह के लिए जुटी भाजपा, काशी में 266 विधानसभा प्रभारी-विस्तारकों को मिलेगा चुनावी मंत्र

 


—14 और 15 अक्टूबर को वाराणसी में होगा संयुक्त प्रशिक्षण वर्ग, छह सत्रों में संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

वाराणसी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में काशी और गोरक्ष क्षेत्र के विधानसभा प्रभारियों एवं विधानसभा विस्तारकों का संयुक्त प्रशिक्षण वर्ग 14 और 15 अक्टूबर को वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। इसमें दोनों क्षेत्रों के कुल 266 पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती, विधानसभा स्तर पर समन्वय और चुनावी तैयारियों को प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।

प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में छह सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तैयारियों को व्यवस्थित करने पर चर्चा होगी।

प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर शनिवार को रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी संगठन को बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाना तथा संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 14 अक्टूबर को शाम चार बजे सुंदरपुर स्थित चौधरी लॉन में होगी। 15 अक्टूबर को शाम चार बजे इसका समापन किया जाएगा। दो दिनों के दौरान विभिन्न विषयों पर छह सत्र आयोजित होंगे।

——133 विधानसभा क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार, प्रशिक्षण वर्ग में काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों के लिए 142 तथा गोरक्ष क्षेत्र की 62 विधानसभा सीटों के लिए 124 पदाधिकारी शामिल होंगे। इस प्रकार दोनों क्षेत्रों की कुल 133 विधानसभा सीटों के लिए 266 विधानसभा प्रभारी और विस्तारक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

पार्टी का जोर विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने, पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और चुनावी तैयारियों को सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ाने पर रहेगा। प्रशिक्षण वर्ग को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

बैठक का संचालन अनूप जायसवाल ने किया, जबकि विद्याधर तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान अजीत रावत, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिता त्रिपाठी, अमित राय, जगदीश त्रिपाठी, प्रवीण सिंह गौतम, पूजा दीक्षित, मधुप सिंह और क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी