भाजपा सरकार ने किसानों, मजदूरों और छात्रों को ठगा : अजय राय
- कांग्रेस नेता बोले- अब भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का समय, 11 लोगों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
मीरजापुर, 16 अगस्त (हि.स.)। जमालपुर क्षेत्र में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर किसानों, मजदूरों, युवाओं और छात्रों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों, छात्रों और महिलाओं को छलने का काम किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय से खाद, बीज और सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर रही है, जबकि किसानों और मजदूरों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार पर पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने बिहार चुनाव का हवाला देते हुए भाजपा पर महिलाओं को प्रलोभन देने का आरोप लगाया और कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा सकता है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष कुमार ने कहा कि अब भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। गरीब, मजदूर, किसान और नौजवान एकजुट होकर बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न दलों से जुड़े 11 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रदीप सिंह, शिवपूजन सिंह, अशोक पाठक, डब्लू त्रिपाठी, विकास पांडेय, बुलंद सिंह, शिवम सिंह, विवेक पांडेय, मंगल तिवारी, हीरा बियार और गौरव सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा