भाजपा संगठन विस्तार में जुटी, विपक्ष आंतरिक संकट से घिरा : अरुण सिंह

 


मीरजापुर, 19 जून (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य जनसेवा, सुशासन और संगठनात्मक मजबूती है, जबकि कई विपक्षी दल अपने आंतरिक मतभेदों और नेतृत्व संकट से जूझ रहे हैं।

शुक्रवार को नगर के बरंधा कचार स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं की भूमिका सर्वोपरि है। पार्टी लगातार नए लोगों को जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने के अभियान में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान जनता के मुद्दों और विकास कार्यों पर है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी आज जनाधार और विश्वसनीयता के संकट से गुजर रही है। जनता अब केवल प्रतीकात्मक राजनीति से प्रभावित नहीं होती, बल्कि विकास, सुशासन और परिणाम चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व जनता का विश्वास अर्जित करने में असफल रहा है।

एक प्रश्न के उत्तर में अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जवाबदेही और पारदर्शिता के सिद्धांत पर काम करती है। यदि कहीं कोई अनियमितता या गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। कानून के सामने सभी समान हैं और किसी को विशेष संरक्षण नहीं दिया जाता।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य आगामी समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

प्रेसवार्ता के दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, चुनार विधायक अनुराग सिंह, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, एमएलसी विनीत सिंह, मडिहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा