काशी क्षेत्र की सभी 71 सीटों पर कमल खिलाने का लक्ष्य रखें भाजपा कार्यकर्ता : रमेश सिंह
वाराणसी, 11 अगस्त(हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रमेश सिंह ने अपने प्रथम काशी प्रवास के दौरान मंगलवार को सर्किट हाउस में तीन महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें कीं। इनमें काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, प्रदेश एवं क्षेत्र पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी तथा जिला, महानगर और तिरंगा यात्रा व्यवस्था टोली के पदाधिकारी क्रमवार शामिल हुए।
नव नियुक्त काशी क्षेत्र के प्रभारी रमेश सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश और दुनिया की निगाहें चुनाव के समय काशी क्षेत्र पर रहती हैं। उन्होंने कहा कि काशी क्षेत्र के कार्यकर्ता कर्मठ और परिश्रमी हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में सभी को एक लय, एक स्वर और एक वातावरण में काम करते हुए काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभाओं में कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ जुटना होगा। उन्होंने कहा कि आज काशी के कार्यकर्ता भी उसी भावना और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी के सांसद हैं। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और कार्यकुशलता का परिणाम है कि आज भारत का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है और देश का परचम विश्वभर में लहरा रहा है। रमेश सिंह ने कार्यकर्ताओं को चुनावी राजनीति में व्यक्तिगत आकांक्षाओं और संगठन के हित के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने की आजादी सभी को है। पार्टी का कार्यकर्ता होने के नाते टिकट मांगने और चुनाव लड़ने की इच्छा होना स्वाभाविक है, लेकिन पार्टी जिस व्यक्ति को कमल का निशान दे, उसके बाद सभी को अपने गिले-शिकवे भुलाकर पार्टी की जीत के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि संगठन और विचारधारा की विजय का अभियान है। इसलिए टिकट को लेकर किसी भी प्रकार के मतभेद को संगठन की मजबूती के रास्ते में नहीं आने देना चाहिए।
त्याग और तपस्या से खड़ी हुई भाजपा : रमेश सिंह
क्षेत्र प्रभारी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि पार्टी आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसके पीछे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का त्याग, तपस्या और संघर्ष है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और कल्याण सिंह जैसे नेताओं ने गांवों, खेत-खलिहानों और समाज के बीच जाकर पसीना बहाया, जिसके परिणामस्वरूप संगठन मजबूत हुआ।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन विस्तार और मजबूती के लिए जिलाध्यक्षों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर टीम भावना से काम करना होगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को पूरी ताकत से सक्रिय करने और पार्टी को विजय दिलाने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता एवं स्वागत उद्बोधन काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने किया। संचालन क्षेत्र महामंत्री संतोष पटेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश उपाध्यक्ष एवं किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी शंकर गिरी ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद