यूपी में भाजपा के 72 जिलाध्यक्षों का ऐलान, 26 जिलों की सूची अटकी

 


लखनऊ, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को 72 जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी। सूची में पार्टी ने पुराने व समर्पित कार्यकर्ताओं को तवज्जो देते हुए दलित, पिछड़े व महिलाओं को भी भागीदारी दी है।

उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक दृष्टि से भाजपा संगठन की जिला व महानगर मिलाकर कुल 98 इकाइयां हैं। 72 जिला अध्यक्षों में 45 नए चेहरे हैं। वहीं 27 को दोबारा मौका दिया गया है। अयोध्या, वाराणसी, चंदौली व कौशाम्बी समेत 26 जिलों में अभी जिला अध्यक्षों की घोषणा नहीं हो सकी है।

भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है। संगठन पर्व में 1,62,459 बूथ में से 1,42,000 से अधिक बूथ पर चुनाव हुआ है। अभी तक 1548 मण्डल के चुनाव हुए हैं और 63 मण्डल में चुनाव होना है। महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि 72 जिला इकाइयों में ओबीसी से 25, अनुसूचित जाति के 6, पांच महिलाएं व सामान्य वर्ग से 41 हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि पूर्ण विश्वास है कि आप सभी भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों का पालन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे। प्रदेश में प्रधानमंत्री के सुरक्षा एवं सुशासन के अभियान को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे। सभी को उज्ज्वल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने नियुक्त सभी जिलाध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि आप सभी संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने के साथ ही संगठन को निचले स्तर तक मजबूती प्रदान करने के लिए दृढ़ संकल्पित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने नव निर्वाचित जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी नयी ऊर्जा से संगठन कार्य को सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी बनाएंगे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपनी कर्मठता, कार्य कुशलता व अटूट समर्पण से भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे तथा आप सभी पूर्ण निष्ठा व दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। हम साथ मिलकर भाजपा की डबल इंजन सरकार को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ लाने के लिए संकल्पित होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे। भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति और राष्ट्रहित के प्रति हमारी प्रतिबद्धता ही हमें विजय की ओर अग्रसर करती है। आप सभी को इस महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए पुनः शुभकामनाएं।

क्षेत्रवार जिलाध्यक्षों की सूची

अवध क्षेत्र

लखनऊ जिला से विजय मौर्या, लखनऊ महानगर से आनंद द्विवेदी, रायबरेली से बुद्धिलाल पासी, हरदोई से अजीत सिंह बब्बर को जिलाअध्यक्ष बनाया गया है। इसी प्रकार रवि मिश्रा को बलरामपुर, ब्रजेश पाण्डेय को बहराइच, अमर किशोर कश्यप को गोंडा, मिश्री लाल वर्मा को श्रावस्ती और अनुराग अवस्थी को उन्नाव का जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है।

वाराणसी क्षेत्र

प्रदीप अग्रहरि को वाराणसी महानगर, ओम प्रकाश राय को गाजीपुर, आशीष श्रीवास्तव को प्रतापगढ़, दीपक मिश्रा को भदोही, डा. अजय सिंह को मछलीशहर, सुशील त्रिपाठी को सुलतानपुर, सुधांशु शुक्ला को अमेठी, निर्मला पासवान को प्रयागराज गंगापार, राजेश शुक्ला को प्रयागराज यमुनापार, संजय गुप्ता प्रयागराज महानगर और नन्दलाल गुप्ता को सोनभद्र का जिलाध्यक्ष घो​षित किया गया है।

गोरखपुर क्षेत्र

जर्नादन तिवारी गोरखपुर जिला, देवेश श्रीवास्तव को गोरखपुर महानगर, ध्रुव कुमार सिंह को आजमगढ़, विनोद राजभर को लालगंज, नीतू सिंह को संत कबीरनगर,संजय पाण्डेय को महराजगंज, रामाश्रय मौर्य को मऊ, दुर्गेश राय को कुशीनगर, विवेकानन्द मिश्र को बस्ती और संजय मिश्रा को बलिया को जिला अध्यक्ष घोषित किया गया है।

कानपुर क्षेत्र

अनिल दीक्षित को कानपुर महानगर उत्तर, शिवराम सिंह चौहान को कानपुर महानगर दक्षिण, रेणुका सचान को कानपुर देहात और उपेन्द्र नाथ पासवान को कानपुर ग्रामीण का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया है। इसी प्रकार अरूण गुप्ता को इटावा, वीर कुमार सिंह भदौरिया को कन्नौज, फतेहचंद वर्मा को फरूखाबाद, सर्वेश कठेरिया को औरैया, प्रदीप पटेल को झांसी जिला, कल्लू राजपूत को बांदा,मोहनलाल कुशवाहा को महोबा और महेन्द्र को चित्रकूट का जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

ब्रज क्षेत्र

प्रशांत पौनिया को आगरा जिला, राजकुमार गुप्ता को आगरा महानगर, निर्भय पाण्डेय को मथुरा जिला,राजू यादव को मथुरा महानगर, सतीश दिवाकर को फिरोजाबाद महानगर, ममता सिंह राजपूत को मैनपुरी और नीरज शर्मा को कासगंज को​ जिला अध्यक्ष बनाया गया है। इसी प्रकार सोम पाल शर्मा को बरेली जिला, अधीर सक्सेना को बरेली महानगर,आदेश प्रताप सिंह को आंवला, कृ​ष्ण चन्द्र मिश्रा को शाहजहांपुर जिला,शिल्पी गुप्ता को शाहजहांपुर महानगर और राजीव गुप्ता को बदायूं का जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

मेरठ क्षेत्र

हरीश गंगवार को रामपुर,आकाश पाल को मुरादाबाद जिला, गिरीश मंडुला को मुरादाबाद महानगर, भूपेन्द्र सिंह चौहान को बिजनौर, शीतल विश्नोई को सहारनपुर महानगर, सुधीर सैनी को मुजफ्फरनगर और विवेक रस्तोगी को मेरठ महानगर का​ जिला अध्यक्ष बनाया गया है। इसी प्रकार चैनपाल सिंह को गाजियाबाद जिला, मयंक गोयल को गाजियाबाद महानगर, महेश चौहान को नोएडा महानगर, अभिषेक शर्मा को गौतमबुद्धनगर, संबल से हरेन्द्र चौधरी और विकास चौहान को बुलंदशहर का जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन