अटल जन्म शताब्दी की पूर्व संध्या पर भाजपा ने मनाया सुशासन दिवस
मीरजापुर, 24 दिसम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल पश्चिमी द्वारा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी की पूर्व संध्या पर बुधवार को अटल चौक अमरावती स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर सुशासन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम भाजपा नगर मंडल पश्चिमी के अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मणिशंकर मिश्र ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना तक, सुशासन से लेकर भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने तक अटलजी के हर निर्णय ने देश को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया। राष्ट्र सर्वोपरि रखने वाले उनके विचार, कवि हृदय, ओजस्वी वक्तृत्व कला और कुशल नेतृत्व ने उन्हें जन-जन का प्रिय नेता बनाया। अटल जी का विकसित भारत का सपना आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना सम्पूर्ण जीवन भारत माता की सेवा और ‘नेशन फर्स्ट’ के भाव के लिए समर्पित कर दिया। वे सच्चे अर्थों में जननेता और भारत रत्न थे। मंडल अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा ने कहा कि अटलजी की कविताओं और रचनाओं में देशभक्ति का अद्भुत भाव देखने को मिलता है, जो भाजपा संगठन को सशक्त और एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष राम कुमार विश्वकर्मा, मंडल महामंत्री संतोष जायसवाल व भावेश शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष रूपेश यादव, सचिन जायसवाल, दीपा ऊमर, संगीता मिश्रा, मंडल मंत्री अमरेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी के विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा