भाजपा पिछड़ा मोर्चा ने प्रजापति समाज के शिल्पकारों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
मीरजापुर, 06 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा मोर्चा की ओर से संगठन के निर्देश पर नगर पूर्वी मंडल के शुक्लहा वार्ड स्थित प्रजापति बस्ती में शुक्रवार को सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रजापति (कुम्हार) समाज के पारंपरिक शिल्पकारों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके हाथों से तैयार स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रामकुमार विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से पारंपरिक शिल्पकारों को नई ऊर्जा, बाजार और पहचान मिल रही है। उन्होंने प्रजापति समाज के लोगों से संवाद कर सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश पटेल ने समाज के लोगों को सम्मानित किया और पारंपरिक शिल्पकला को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी के प्रति आभार जताते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
संचालन पिछड़ा मोर्चा के जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक अलंकार जायसवाल ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री रवीन्द्र कुमार मौर्य, जिला मंत्री एवं सह संयोजक विजय प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष कमलेश यादव, आकाश सिंह, नीरज गुप्ता, कमलेश मौर्य, सुशील विश्वकर्मा, संजय कुशवाहा और जितेंद्र प्रजापति सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा