बिठूर नगर पंचायत में भाजपा का परचम, उप चुनाव में चेयरमैन पद पर राणा समरेंद्र सिंह 2483 वोट से जीते

 


कानपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर की बिठूर नगर पंचायत के चेयरमैन पद के उपचुनाव में भाजपा ने गुरुवार को बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी राणा समरेंद्र सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभु को 2483 मतों के बड़े अंतर से हराया। राणा समरेंद्र सिंह को 4210 वोट मिले, जबकि आदर्श द्विवेदी को 1727 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप द्विवेदी को केवल 56 वोट मिले। कुल 9474 मतदाताओं में से 6193 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

आज सुबह आठ बजे नगर पंचायत भवन में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई। 10 वार्डों के मतपत्रों की गिनती पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया गया। बिठूर नगर पंचायत के चेयरमैन पद के लिए 13 अक्टूबर को मतदान हुआ था। मतगणना के पहले दौर से ही भाजपा प्रत्याशी राणा समरेंद्र सिंह ने बढ़त बना ली थी। प्रत्येक दौर के साथ उनके और निकटतम प्रतिद्वंद्वी के बीच मतों का अंतर बढ़ता गया। अंतिम दौर की गिनती पूरी होने पर उनकी जीत पर मुहर लग गई।

परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल बजाकर खुशी जताई और एक- दूसरे को बधाई दी। जीत पर राणा समरेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी मां डॉ. निर्मला सिंह ने 25 वर्षों तक बिठूर की जनता की सेवा की। मेरे परिवार का जनता से जुड़ाव आगे भी बना रहेगा और क्षेत्र के लोगों की सेवा जारी रखी जाएगी। राणा समरेंद्र सिंह ने जीत को जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम बताया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप