घर-घर तिरंगा फहराने की शुरुआत बिठूर की धरती से होनी चाहिए : ब्रजेश पाठक
कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों से घर-घर तिरंगा लगाने की अपील है। यह धरती स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरती रही है, इसलिए यहां से घर-घर तिरंगा फहराने की शुरुआत होनी चाहिए। लोग तिरंगा लेकर इस अभियान में शामिल हों और राष्ट्रप्रेम की भावना जगाएं।
यह बातें गुरुवार को कानपुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहीं। ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गुरुवार काे बिठूर पहुंचे। उन्होंने बिठूर चुंगी स्थित झांसी की रानी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। यात्रा बिठूर चुंगी से शुरू होकर नानाराव पेशवा पार्क तक गई।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान घर-घर पहुंच रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिठूर स्वतंत्रता संग्राम की महत्वपूर्ण धरती रही है और यहां से राष्ट्रप्रेम का संदेश पूरे प्रदेश में पहुंचना चाहिए।
करीब दो किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। देशभक्ति के गीतों के बीच भारत माता के जयघोष से माहौल गूंजता रहा। यात्रा का समापन नानाराव पेशवा पार्क में हुआ। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने लोगों का उत्साह बढ़ाया। ब्रजेश पाठक ने सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्रालय दिए जाने संबंधी शिवपाल यादव के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि शिवपाल सपना न देखें, भाजपा की सरकार जन-जन तक पहुंच चुकी है। प्रदेश में जब भी 2027 में तीसरी बार सरकार बनेगी, भाजपा ही सत्ता में आएगी।
तिरंगा यात्रा के बाद उप मुख्यमंत्री कानपुर दक्षिण में सीटीआई चौराहे से निकलने वाली दूसरी तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में कार्यक्रम में शिरकत की और शहर के अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप