अक्षय तृतीया पर परशुराम जन्मोत्सव, आस्था और एकता का संदेश
मीरजापुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। जमालपुर क्षेत्र के हसौली गांव स्थित श्री विघ्नहरण हनुमत धाम मंदिर परिसर में रविवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। आयोजन ब्राह्मण एकता परिषद के तत्वावधान में हुआ, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने भगवान परशुराम के पराक्रम, न्यायप्रियता और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। इस दौरान उमेश चन्द्र द्विवेदी ने कहा कि भगवान परशुराम सत्य और न्याय के प्रतीक हैं, उनके आदर्शों पर चलकर समाज में एकता और नैतिकता को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में प्रताप नारायण दीक्षित, अंजनी द्विवेदी, ओमप्रकाश दूबे, कमलेश दुबे, मारुति नंदन द्विवेदी, श्याम सुंदर द्विवेदी, विद्यानाथ दूबे, पंकज मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा