बिरसा मुंडा के संघर्ष से युवाओं को लेनी चाहिए प्रेरणा : विधायक रिंकी कोल
- हथेडा गांव में धूमधाम से मनी 151वीं जयंती, जनजातीय गौरव दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
मीरजापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में हलिया क्षेत्र के हथेडा गांव में रविवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छानबे विधायक रिंकी कोल ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बच्चे मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रिंकी कोल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने महज 25 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ी। उन्होंने आदिवासी समाज को जागरूक करने के साथ अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विधायक ने जनजातीय समाज के विकास के लिए शिक्षा को सबसे जरूरी बताते हुए बच्चों को पढ़ाने और आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और देशभक्ति को याद किया। जिला सहकारी बैंक के उपसभापति विपुल सिंह, धर्मराज कोल, राम अनुज कोल, तुलसीदास प्रजापति, सुक्खी चंद, काशी मिश्रा और लल्लू कोल ने विचार व्यक्त किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रयागराज से आए गायक बब्लू टाइगर और मनीषा ठाकुरिया ने जय जोहार के उद्घोष के साथ आकर्षक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। अंत में आयोजक जनार्दन कोल और विनोद कोल ने मुख्य अतिथि विधायक रिंकी कोल सहित मंचासीन अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा