ट्रक की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत, चालक फरार
मीरजापुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। वाराणसी–मीरजापुर मार्ग पर अदलहाट थाना क्षेत्र के अचीतपुर गांव के पास शुक्रवार को अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर थाना रामनगर निवासी 62 वर्षीय राधेश्याम गुप्ता किसी कार्य से रामनगर से नरायनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नरायनपुर चौकी पर रखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन चौकी पहुंच गए। चौकी इंचार्ज आशुतोष शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। परिजन की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा