बुलेट अनियंत्रित होकर पलटी, युवक की मौत
मीरजापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र के जसवां गांव के पास बुधवार देर शाम तेज रफ्तार बुलेट अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बुलेट सड़क किनारे नहर में जा गिरी।
चुनार के स्टेशन रोड निवासी सूरज गुप्ता बुधवार शाम बुलेट से अहरौरा की ओर जा रहा था। जसवां गांव के पास पहुंचते ही तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया बुलेट से गिरने के कारण युवक की मौत हुई है। परिजन को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा