ब्रेकर पर उछली बाइक से गिरकर वृद्ध महिला की मौत
मीरजापुर, 07 मई (हि.स.)। लालगंज क्षेत्र के बरौंधा-कोरांव संपर्क मार्ग पर गुरुवार शाम ब्रेकर पर बाइक उछलने से पीछे बैठी वृद्ध महिला सड़क पर गिर गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के बेरी गांव निवासी शिव नारायन मौर्य अपनी मां राजकुमारी (६५) को बाइक से दवा कराने बरौंधा बाजार ला रहे थे। शाम करीब चार बजे बरौंधा नहर के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर बाइक उछल गई, जिससे पीछे बैठी उनकी वृद्ध मां असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल वृद्ध महिला को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. पंकज ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बरौंधा चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बाइक से गिरने के कारण एक वृद्ध महिला की मौत हो ग़ई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा