गोवंश से टकराई बाइक, सवार युवक की मौत
मीरजापुर, 04 सितंबर (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी अंतर्गत परसिया गांव के पास शुक्रवार को सड़क पर अचानक आए गोवंश से बाइक टकराने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
दिघुली गांव निवासी मनोज शर्मा (40) पुत्र चिंतामणि शर्मा बाइक से बरौंधा से अपने घर लौट रहे थे। परसिया गांव के पास अचानक सड़क पर गोवंश आ जाने से उनकी बाइक उससे टकरा गई। हादसे में मनोज सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लग गई।
जानकारी मिलने पर परिजन एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया गया। परिजन उन्हें वाराणसी लेकर जा रहे थे, लेकिन ट्रामा सेंटर पहुंचने से पहले ही रास्ते में मनोज ने दम तोड़ दिया।
मनोज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चार नाबालिग पुत्रियां और एक नाबालिग पुत्र हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा