सेवानिवृत्त शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, सड़क पार करते समय ट्रक ने कुचल दिया
बिजनौर, 01 जून (हि.स.)। जनपद बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र में सड़क पार करते समय एक सेवानिवृत्त शिक्षक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, चांदपुर थानाक्षेत्र के गांव धुंधली तबीबपुर निवासी 75 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र घासी सिंह सोमवार को सुबह करीब 11:30 बजे पंजाब नेशनल बैंक आए थे। बैंक से काम निपटाने के बाद जब वे बाहर निकले और सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में राजेंद्र सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक श्रीकांत सत्यार्थी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पुत्र मोहित कुमार ने ट्रक चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र