नर्सिंग होम में ऑक्सीजन सिलेंडर गिरने से बच्चे की मौत
बिजनौर, 23 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर में नजीबाबाद के सराय चौकी क्षेत्र स्थित एक नर्सिंग होम में कथित लापरवाही के कारण एक बच्चे की मौत हो गई। आरोप है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते खेल रहे मोहम्मद अजान (पुत्र फैजान, निवासी मोहल्ला पठानपुरा चारबाग) के ऊपर ऑक्सीजन सिलेंडर गिर गया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना के बाद गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उनका आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी। अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन सिलेंडर असुरक्षित ढंग से रखे गए थे। इसके अतिरिक्त, बिजली के तार और विद्युत बॉक्स भी खुले तथा नीचे लटके हुए पाए गए, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यदि अस्पताल में उचित सुरक्षा व्यवस्था होती तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद अस्पताल के बाहर हंगामा जारी है और प्रदर्शनकारी अस्पताल को सील करने की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एसआई सौरभ सिंह ने बताया कि घटना से सम्बंधित वीडियो प्राप्त हुए हैं और इस संबंध में एक तहरीर भी मिली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र