राष्ट्र विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका : अनिल कुमार

 




बिजनौर, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदिरा बाल भवन तथा नेहरू स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप्र के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार एवं जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शहीदों के परिजनाें सहित अन्य विशिष्टजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने वीर नारियों के त्याग, साहस एवं समर्पण को नमन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का योगदान राष्ट्र सदैव याद रखेगा। वीर नारियों एवं उनके परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर सपूतों के बलिदान को स्मरण करने और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है।

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि वीर नारियों ने अपने जीवन में अपार त्याग और कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए देश के प्रति समर्पण की मिसाल कायम की है। उनका सम्मान करना हम सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता एवं सम्मान की भावना बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इसके अलावा नेहरू स्टेडियम में मंत्री अनिल कुमार ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उनकी भूमिका को भी देश के लिए महत्वपूर्ण बताया| इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, उनके परिजन तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं बच्चे उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र