नीरज प्रजापति मौत मामले में पुलिस पर चार दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप

 




बिजनौर, 20 जून (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना किरतपुर क्षेत्र के मोहल्ला चौहानान निवासी स्वर्गीय नीरज कुमार प्रजापति की मौत को लेकर मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। मृतक की पत्नी सुजाता ने थाना किरतपुर में तहरीर देकर अमित अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर में कहा गया है कि पहले फोन पर धमकी दी गई और बाद में नीरज कुमार को घर से बुलाकर ले जाया गया, जहां कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद उसकी हालत बिगड़ती गई और अगले दिन उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक के भाई अंकित कुमार प्रजापति का कहना है कि 15 जून की सुबह आरोपी उनके भाई को घर से अपने साथ ले गया था और कुछ समय बाद दूसरे व्यक्ति द्वारा उसे वापस घर पहुंचाया गया। परिवार का आरोप है कि उसी दौरान उसके साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अगले दिन उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना किरतपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन परिजनों का आरोप है कि चार दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर महिलाओं और पुरुषों ने न्याय की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन भी किया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें केवल निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए।

थाना प्रभारी किरतपुर ने शनिवार काे बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा हत्या की तहरीर दी गई है, लेकिन न तो पोस्टमार्टम कराया गया है और न ही कोई मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध है। ऐसे में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच जारी है। जांचोपरांत जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र