बिजनौर : रिहायशी इलाके में घुसा जंगली हाथी, लोगों में मचा हड़कंप

 


बिजनौर, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर थाना कालागढ़ क्षेत्र के इस्लामनगर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी अचानक रिहायशी इलाके में पहुंच गया। आबादी के बीच विशालकाय हाथी को घूमता देखकर लोगों में दहशत फैल गई। हाथी को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जबकि कई लोग एहतियातन अपने घरों और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

बताया गया कि कालागढ़ क्षेत्र के आसपास जंगल से निकलकर जंगली हाथियों के आबादी और खेतों की ओर आने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों को जान-माल के साथ फसलों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। मंगलवार को हाथी के अचानक इस्लामनगर की आबादी में पहुंचने से लोगों की चिंता और बढ़ गई।

सड़क से गुजर रहे एक राहगीर की नजर जब हाथी पर पड़ी तो उसने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बना लिया। कुछ ही देर में हाथी के आबादी क्षेत्र में घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में हाथी रिहायशी इलाके में विचरण करता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आसपास के क्षेत्रों में भी हाथी को लेकर चर्चा तेज हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथी के आबादी में पहुंचने के बाद कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क करते हुए हाथी से दूरी बनाए रखने की अपील की। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से निकलकर हाथियों के आबादी और खेतों में पहुंचने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने वन विभाग से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को जागरूक करने की मांग की है।

डीएफओ नजीबाबाद पृथ्वी सिंह ने बताया कि जंगली हाथी आबादी क्षेत्र में पहुंच गया था। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए हाथी को जंगल क्षेत्र में पहुंचा दिया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई जा रही है और हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र