बिट्टू हत्याकांड : परिजनाें ने शव रखकर किया विराेध प्रदर्शन, हत्यारों के मकान पर चला बुलडोजर
बिजनौर, 29 जून (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना मण्डावर क्षेत्र के ग्राम कोहरपुर में दिन दहाड़े चाकू घोंपकर एक युवक की हत्या करने की घटना के पीछे का सच सामने आया है। पुलिस की गिरफ्त में आए हत्यारोपी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया है कि मृतक बिट्टू के उसकी पुत्र बधू मोनिका के साथ अवैध संबंध थे। जिस कारण उसकी कई बार मारपीट भी हुई थी और वह अवैध संबंध खत्म करने को तैयार नहीं था। हत्या भी उसकी अवैध संबंधों के कारण ही हुई है।
ज्ञातव्य है कि रविवार को मंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम कोहरपुर निवासी बिट्टू की गांव के ही सुरेंद्र पुत्र जयसिंह और उसके पुत्र अनिल व नीटू ने चाकू घोंपकर जघन्य हत्या उस समय कर दी गई थी जब वह अपने चचेरे भाई आशु के साथ पास की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने गया था। बिट्टू के परिजनों ने आरोप लगाया था कि उसके पुत्र का केवल इतना कसूर था कि उसने साफ तौर पर सुरेंद्र के खेतों पर किसी भी कीमत पर मजदूरी करने से इनकार कर दिया था। जिससे कुपित होकर सुरेंद्र उसके पुत्र अनिल व नीटू आग बबूला हो गए और उसके साथ गाली गलौज करते हुए उसके चचेरे भाई आशु के सामने ही उसके पेट में चाकू घोंप दिया था । जिससे वह बुरी तरह से लहूलुहान होकर निढाल हो जमीन पर गिर गया था और चाकू से हमला करने वाले सुरेंद्र , अनिल व नीटू मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने तत्काल बुरी तरह से जख्मी बिट्टू को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया था । जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया था , पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम करवाया था। दिन दहाड़े चाकू घोंपकर की गई इस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और उसके परिवार में मातम छा गया था।
पुलिस ने इस हत्या की मृतक के पिता चरन सिंह की ओर से इस संगीन वारदात को अंजाम देने वाले सुरेंद्र पुत्र जयसिंह , उसके पुत्र अनिल और नीटू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया थर और उनकी तलाश में जुट गई हैं।
पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार शाम को ग्राम दयालवाला में मंडावर बालावाली मार्ग पर जाम लगाया था। साेमवार काे भी उन्होंने मृतक की लाश को घर पर ही रख कर हत्यारों की गिरफ्तारी, परिवार में एक को सरकारी नौकरी देने और दस बीघा भूमि का पट्टा करने की मांग की। हालांकि पुलिस ने रात को ही हत्यारोपी सुरेंद्र के घर पर बुलडोजर चला कर तोड़ फोड़ की थी। लेकिन मृतक के परिजन इससे संतुष्ट नहीं थे। और आज भी मृतक की लाश को रखकर विरोध प्रदर्शित करते रहे। अंतिम संस्कार न करने और विरोध जताने पर एसपी ( सिटी) डॉ के जी सिंह, सीओ सिटी अभय कुमार पांडे, एसडीएम सदर रितू रानी, थाना प्रभारी संजय तोमर , मजिस्ट्रेट हल्का लेखपाल आदि भारी पुलिस बल के साथ गांव की शांति सुरक्षा के लिए मौजूद रहे।
लंबी वार्ता के बाद अधिकारियों ने परिजनों को उनकी मांगे पूर्ण करने का आश्वासन दिया तब शाम को उन्होंने शव का गंगा घाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार किया।
पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र के घर पर जहां बुलडोजर चलाया वहीं आज उसे गिरफ्तार करने में भी सफलता हासित कर ली। लेकिन सुरेंद्र ने जो तथ्य हत्या के संबंध में बताए उससे सभी चौंक गए। सुरेंद्र ने बताया कि मृतक बिट्टू के संबंध उसकी पुत्र बधू मोनिका के स्थापित हो गए । इस संबंध में उसे कई बार समझाया गया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। मृतक ने कई बार उसके साथ गाली गलौज की। रविवार को भी उसने उसके साथ मारपीट की थी। इस दौरान हुई हाथपाई में उसे चाकू लगा जिससे उसकी मौत हो गई। यदि वह उसकी पुत्र बधू मोनिका से संबंध खत्म कर लेता तो इतनी बड़ी घटना न बनती। फिलहाल पुलिस सुरेंद्र के पुत्रों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र