डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, तीन घायल
बिजनौर, 13 सितम्बर (हि.स.)। बिजनौर से देर रात नुमाइश देखकर घर लौट रहे चार दोस्तों की बाइक सुवहेड़ी मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे डंपर से टकरा गईं। हादसे में बाइक सवार सलमान (पुत्र वकील), निवासी मोहल्ला भुड्डी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि किरतपुर निवासी चार दोस्त देर रात नुमाइश देखकर वापस लौट रहे थे। सुवहेड़ी मोड़ के पास सामने से आ रहे डंपर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में घायल फैसल पुत्र राजू निवासी मोहल्ला भुड्डी और साहिल पुत्र नजाकत निवासी मोहल्ला काजीयान को परिजनों ने बिजनौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं फरहान पुत्र सलीम निवासी मोहल्ला काजीयान की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली स्थित एम्स के लिए रेफर कर दिया।
सलमान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को घर ले आए। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। शव घर पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग शोक जताने के लिए उसके घर पहुंचने लगे। घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र