चिकित्सक को जीवन में निःस्वार्थ भाव से समाज को 'देने और पाने' का सिद्धांत अपनाना चाहिए: प्रो. एस.एम. तुली

 


- पुरानी यादों और नए संकल्पों के साथ संपन्न हुआ बीएचयू अस्थि रोग विभाग का पुरा छात्र सम्मेलन

वाराणसी, 21 नवंबर (हि.स.)। चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस), काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के अस्थि रोग विभाग के तत्वावधान में शनिवार को पुरा छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों और विदेश से आए 80 से अधिक पुरा छात्रों एवं जाने माने चिकित्सकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि पुरातन छात्र बीएचयू परिवार का अभिन्न हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार संस्थान को 'एम्स जैसी संरचना' प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसके तहत सभी विभागों को पर्याप्त बजट मिल रहा है और अस्पताल व ट्रॉमा सेंटर के विस्तार हेतु नया 'मास्टर प्लान' तैयार किया जा रहा है। भारी मरीज दबाव के बावजूद संस्थान की कार्यसंस्कृति में सकारात्मक बदलाव आया है। कुलपति ने पुरा छात्रों से सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों और योग्य शिक्षकों को आईएमएस से जोड़ने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि अस्थि रोग विशेषज्ञ प्रो. एस.एम. तुली ने काशी से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए कहा कि पूर्वांचल के आमजन की सेवा ने ही उन्हें 'अस्थि रोग के विज्ञान' के साथ 'अस्थि रोग की कला' सिखाई। उन्होंने प्रो. टी.पी. श्रीवास्तव, डॉ. बी.पी. वर्मा, डॉ. गोयल और डॉ. सर्राफ के साथ अपने कार्यकाल को याद करते हुए 'टीम वर्क' को सफलता की कुंजी बताया। युवा चिकित्सकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि स्वयं स्वस्थ रहकर ही समाज की श्रेष्ठ सेवा की जा सकती है और जीवन में 'लेने-देने' के बजाय निःस्वार्थ भाव से समाज को 'देने और पाने' का सिद्धांत अपनाना चाहिए।

बीएचयू चिकित्सा संकाय के प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता ने प्रो. तुली को स्वास्थ्य जगत का प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि कुलपति के प्रेरक नेतृत्व तथा प्रो. अमित रस्तोगी व प्रो. अजित सिंह के प्रयासों से विभाग नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। इससे पूर्व, स्वागत संबोधन देते हुए प्रो. अमित रस्तोगी ने विभाग के पुरा छात्रों की उपलब्धियों को वरिष्ठ शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम बताया।

आयोजन सचिव प्रो. शिवम सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने पूर्व छात्र समागम को सफल बनाने के लिए सभी पूर्व विद्यार्थियों, कुलपति, डीन, निदेशक, प्रो. एस. एम. तुली, विभागाध्यक्ष, शिक्षकाें एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी