वाराणसी की भक्ति नगर कॉलोनी में खुले नाले को बंद कराने के लिए लोगों ने महापौर के खिलाफ खोला मोर्चा

 


वाराणसी, 26 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के भक्ति नगर कॉलोनी में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को महापौर अशोक तिवारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी काॅलोनी में बीते कुछ वर्षों से खुला नाला लोगों के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। खुला नाला से दुर्घटना का खतरा तो है ही साथ में बीमारी का भी डर है। महापौर आए थे लेकिन उनके निरीक्षण के बाद भी नाला बंद नहीं हुआ है।

शहर के मध्य में एक पाश कॉलोनी के रूप में भक्ति नगर कॉलोनी जानी जाती है। भक्ति नगर कॉलोनी निवासी आशीष सिंह ने बताया कि नाला जो पूरी तरह से भरा हुआ है, उसकी सफाई के लिए कर्मचारियों का आना हुआ। फिर भी नाला पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है। नाला भरने के कारण बदबू आ रही हैं। नाला की समस्या को वार्ड रमरेपुर के पार्षद संजय जायसवाल को भी कई बार कहा गया, लेकिन उनके पास देखने आने का भी समय नहीं है।

भक्ति नगर कॉलोनी निवासी डॉ. अम्बरीष राय और अन्य लोगों ने कहा कि बीते एक माह पूर्व में काॅलोनी के लोगों ने बैठक की थी। बैठक के बाद महापौर अशोक तिवारी और नगर निगम के अधिकारी मौके पर आए थे। इसके बाद नाला को लेकर नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी में थोड़ी गंभीरता आई थी। फिर भी कुछ खास हुआ नहीं हुआ है।

वार्ड रमरेपुर के पार्षद संजय जायसवाल ने कहा कि नाला को साफ करने के लिए बजट पास हुआ है। नाला को ढका भी जाएगा। इसी वर्ष के अंत तक कार्य कराया जाएगा। महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त मौके पर आकर नाले की स्थिति देखकर गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद