यम की फांस मुक्ति के लिए मथुरा के विश्राम घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भाई-बहन ने लगाई डुबकी

 


मथुरा, 11 नवंबर (हि.स.)। यम द्वितीया (यमुना द्वितीया) का पर्व इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में मनाया गया। भाई-बहन के अटूट प्रेम और धार्मिक आस्था के प्रतीक इस पावन पर्व पर देश-विदेश से हजारों और लाखों की संख्या में श्रद्धालु मथुरा पहुंचे। प्राचीन विश्राम घाट सहित यमुना के विभिन्न घाटों पर भाई-बहनों ने एक साथ स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

बुधवार सुबह से ही यमुना घाटों पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसकी कमांड स्वयं एएसपी राजीव कुमार ने संभाली। घाटों पर फ्लड पीएसी, एनडीआरएफ, प्रशिक्षित गोताखोर और विभिन्न थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। वहीं पर्व के अवसर पर विश्राम घाट स्थित प्रसिद्ध यमराज मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई, जहां भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। परंपरा के अनुसार बहनों ने यमराज का विधिवत पूजन कर अपने भाइयों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन यमुना स्नान और यमराज के दर्शन-पूजन से भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम बढ़ता है और जीवन में सौभाग्य की वृद्धि होती है। यम द्वितीया के इस पावन अवसर पर मथुरा के यमुना घाटों पर आस्था, परंपरा और भाई-बहन के पवित्र प्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार