पीतलनगरी में धूमधाम से मनाया गया भाई बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक पर्व भाई दूज
मुरादाबाद, 11 नवंबर (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में बुधवार को भाई- बहन के अटूट स्नेह, प्रेम का प्रतीक पर्व भाई दूज पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व का यह अंतिम और अत्यंत महत्वपूर्ण त्योहार माना जाता है। भाई दूज का पर्व कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसे (यम द्वितीया) भी कहते हैं। इस दाैरान बाजारों में मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर चहल-पहल बनी रही।
मुरादाबाद में बुधवार को सुबह काल से ही घरों में पर्व की रौनक दिखाई दी। भाइयों का अपनी बहनों के घर आवागमन शुरू हो गया। बहनों ने पूजा की थाल सजाई और शुभ मुहूर्त में अपने भाइयों के माथे पर रोली, चंदन का तिलक, अक्षत (चावल) लगाकर उनकी कलाई पर कलावा बांधा और लंबी आयु, सुख-समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तिलक करने के बाद बहनों ने अपने भाइयों को गोला, मिठाई, फल, गिफ्ट्स आदि दिए। इसके बाद भाइयों ने अपनी बहनों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। सभी भाइयों ने अपनी बहनों के हाथ से बनाया हुआ स्वादिष्ट भोजन किया।
इस शुभ अवसर पर कहीं-कहीं बहनों ने भाई दूज से जुड़ी पौराणिक कथा भी सुनाई और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेंद्र आचार्य ने बताया कि मान्यता है कि इस दिन बहन के घर जाकर भोजन करने और तिलक लगवाने से भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता। इसी आस्था के साथ भाइयों ने अपनी बहनों के घर जाकर तिलक करवाया और रक्षा का वचन देते हुए उपहार भेंट किए। पौराणिक मान्यता के अनुसार, यह पर्व यमराज और उनकी बहन यमुना के स्नेह का प्रतीक है, जो भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की महत्ता को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल