नगर भ्रमण को निकली कलश यात्रा, भक्तिमय वातावरण में गूंजे मंगल गीत
औरैया, 13 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बाबरपुर कस्बे में आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कलश यात्रा का शुभारंभ विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। कथा के परीक्षित रामकुमार पोरवाल अपनी धर्मपत्नी शिवकुमारी पोरवाल के साथ सिर पर पवित्र कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुए। वहीं कथा व्यास पंडित रजनीश त्रिपाठी सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को धर्म एवं भक्ति के साथ चल रहे थे।
यात्रा में शामिल महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर अपने सिर पर कलश रखे और मंगल गीतों का गायन करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण किया। श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत महिलाओं के भजन एवं जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा भगवान के जयकारे लगाए जाते रहे, जिससे नगर का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा।
कलश यात्रा के दौरान परीक्षित दंपति ने नगर के विभिन्न देवस्थानों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। नगरवासियों ने भी यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कथा आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में मनोज पोरवाल, अशोक पोरवाल, कपिल पोरवाल, राहुल पोरवाल, जय पोरवाल, देव पोरवाल, रविंद्र पोरवाल, दिनेश चंद पोरवाल, अर्पित पोरवाल, पारस पोरवाल, ऋषभ, श्वेत, अमन राघव सहित अनेक श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार