बीएड अभ्यर्थियों ने योग शिविर में सूर्य नमस्कार कर दिखाया उत्साह

 


मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में युवा भारत एवं एम.बी. योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आदर्श जनता महाविद्यालय, कोलना (चुनार) में चल रहे पांच दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन बुधवार को बीएड अभ्यर्थियों ने ऊर्जा, अनुशासन और एकाग्रता के साथ सूर्य नमस्कार का सशक्त अभ्यास किया। शिविर में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

राष्ट्रीय योगासन जज एवं योग गुरु योगी ज्वाला सिंह ने अभ्यर्थियों को नमस्कारासन, हस्तोत्तानासन, पादहस्तासन, अश्वसंचालनासन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन सहित सूर्य नमस्कार के विभिन्न चरणों का विधिवत अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार 12 चरणों का एक संपूर्ण योग अभ्यास है, जो शरीर और मन दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी है।

योग गुरु ने कहा कि नियमित अभ्यास से शरीर लचीला और मजबूत बनता है, मेटाबॉलिज्म तेज होता है, जिससे वजन नियंत्रण में मदद मिलती है। साथ ही यह हृदय और फेफड़ों को मजबूत बनाता है, पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है और मानसिक तनाव को कम कर एकाग्रता बढ़ाता है। उन्होंने इसे संपूर्ण वर्कआउट बताते हुए कहा कि यह शरीर के लगभग सभी प्रमुख मांसपेशी समूहों को सक्रिय करता है।

उन्होंने अभ्यर्थियों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर या पीठ दर्द से पीड़ित लोग विशेषज्ञ की सलाह के बाद ही इसका अभ्यास करें।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि सूर्य नमस्कार के 12 चरण जीवन को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और योग इसके लिए सबसे सरल माध्यम है।

इस दौरान उप प्राचार्य प्रदीप सिंह, श्याम सिंह, दिनेश विश्वकर्मा, सुजीत कुमार, अनीता देवी, सारांश यादव सहित बड़ी संख्या में बीएड अभ्यर्थियों प्रतीक्षा कुमारी, कंचन सिंह, सोनम सिंह, सपना मौर्या, पूजा कुमारी, रूपा पटेल, शिखा पटेल, सोनी, प्रतिमा सिंह, नीतू, प्रतिभा, आकाश वर्मा, राजकुमार, सुधीर कुमार विश्वकर्मा आदि ने उत्साहपूर्वक योग सत्र में भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा