बीबीएयू में 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का हुआ शुभारंभ
लखनऊ, 17 सितंबर (हि.स.)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त मुख्य तौर पर कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा, खेल प्रभारी डॉ. मनोज कुमार डडवाल व अन्य शिक्षक उपस्थित रहें।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण हमारे जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच एवं जिम्मेदारी की भावना को भी विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्यस्थल और घर से स्वच्छता की शुरुआत करे, तो निश्चित रूप से एक स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है। उन्होंने सभी विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वच्छ परिसर, स्वच्छ कार्यस्थल एवं स्वच्छ परिवेश के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत एवं सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा