वाराणसी मंडल में पहली बार पहल : बनारस रेलवे स्टेशन पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित

 


वाराणसी, 27 मार्च(हि. स.)। पूर्वोत्तर रेलवे में वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल ने सतत एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल किया गया। शुक्रवार को बनारस रेलवे स्टेशन पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किया गया, जिसके लिए ई-नीलामी के माध्यम से दो लाख 67 हजार में लाइसेंस प्रदान किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि वाराणसी मंडल में इस प्रकार की पहली पहल है, जो नवाचार एवं यात्री सुविधाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह बैटरी स्वैपिंग सुविधा यात्रियों, आगंतुकों तथा अंतिम मील परिवहन सेवाओं जैसे ई-रिक्शा एवं दोपहिया वाहन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। क्योंकि इससे डिस्चार्ज बैटरियों का त्वरित एवं सुविधाजनक प्रतिस्थापन संभव होगा। इससे चार्जिंग में लगने वाले समय की बचत होगी, स्थानीय परिवहन की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा पर्यावरण अनुकूल वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस सुविधा को बनारस रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सुविचारित रूप से स्थापित किया गया है। जिससे उपलब्ध स्थान का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हुआ है तथा यात्रियों की आवाजाही में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होगी। साथ ही, यह रेलवे के लिए गैर-भाड़ा राजस्व अर्जन का एक सशक्त माध्यम भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद