लोधेश्वर महादेव धाम : सावन के प्रथम साेमवार के मद्देनजर बाराबंकी में रूट हुआ डायवर्सन

 




-श्रावण मेला: रविवार सुबह 7 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों पर रोक

बाराबंकी, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के श्रावण के प्रथम साेमवार काे लोधेश्वर महादेव धाम आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाराबंकी पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था श्रावण मास के प्रत्येक रविवार सुबह 7 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने रविवार काे बताया डायवर्जन के तहत गोण्डा और बहराइच से लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को टिकोरा मोड़ से चाहलारी घाट होते हुए सीतापुर मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि छोटे वाहन चौकाघाट, मरकामऊ, बदोसराय और सफदरगंज होकर लखनऊ पहुंचेंगे। इसी प्रकार लखनऊ से गोण्डा और बहराइच जाने वाले भारी वाहन सीतापुर-चाहलारी घाट मार्ग का उपयोग करेंगे तथा हल्के वाहन सफदरगंज, बदोसराय और चौकाघाट होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।

श्रावण मेले के दौरान हिंद हॉस्पिटल, असैनी मोड़, हैदरगढ़ ओवरब्रिज, पल्हरी ओवरब्रिज और चौपुला से बाराबंकी शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। देवा मार्ग स्थित एफसीआई गोदाम जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं फतेहपुर कस्बे की ओर से रामनगर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा।

रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। रामनगर रूट की लोकल बसें बदोसराय और टिकैतनगर होकर चलेंगी, जबकि लखनऊ से आने वाली बसों को भीड़ की स्थिति में हैदरगढ़ बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा। गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और रूपईडीहा डिपो की बसें सीतापुर-चाहलारी घाट मार्ग से संचालित होंगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित सभी आकस्मिक सेवाओं के वाहनों को डायवर्जन के दौरान निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी। व्यापारिक वाहनों को रात 11 बजे से सुबह 4 बजे के बीच ही शहर में माल उतारने की अनुमति होगी तथा उन्हें यातायात प्रभारी को पूर्व सूचना देनी होगी।

भारी संख्या में पुलिस फोर्स व पीएसी हुई तैनात

श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा के सुप्रसिद्ध शिव मंदिर पर शिव भक्तों का सैलाब उमड़ेगा। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। रविवार की पूर्व संध्या से ही लखनऊ, उन्नाव, कानपुर , उरई , झांसी , जालौन, इटावा, मैनपुरी , रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर, अयोध्या, बहराइच, गोंडा सहित तमाम जनपदों से चौपहिया व दुपहिया वाहनों द्वारा भारी तादाद में श्रद्धालुओं का लोधेश्वर महादेवा आगमन जारी है। ट्रेन द्वारा भी काफी संख्या में शिवभक्त महादेवा आ रहे हैं। आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से शिव भक्त परिक्रमा लगाकर व पैदल चलकर महादेवा धाम पहुंच रहे हैं।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह समेत सभी बड़े अधिकारी नियमित रूप से लोधेश्वर महादेवा आकर मेला परिक्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 6 सी ओ व तीन दर्जन से अधिक इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी निरीक्षक सैकड़ो उप निरीक्षक तथा कई सैकड़ा महिला व पुरुष आरक्षी सहित ट्रैफिक पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। पीएसी की बटालियन के साथ-साथ पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरे भी करेंगे। इसके अलावा सादी वर्दी में भी महिला व पुरुष जनों की तैनाती रहेगी । इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए चार मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी