जनगणना-2027 में बाराबंकी के 11 प्रगणकों ने मारी बाजी, डीएम ने किया सम्मानित
बाराबंकी, 01 जून (हि.स.)। जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच बाराबंकी के 11 प्रगणकों ने सबसे पहले अपना हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) कार्य पूरा कर लिया। उनके इस उत्कृष्ट कार्य पर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा तय करने वाली एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और सटीक कार्य करने वाले प्रगणक पूरे जनपद के लिए प्रेरणा हैं। ऐसे कर्मठ कर्मचारियों की बदौलत ही जनगणना जैसे विशाल राष्ट्रीय अभियान को सफलता मिलती है।
जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे इसी उत्साह और जिम्मेदारी के साथ आगामी चरणों को भी समय पर पूरा करें, ताकि बाराबंकी प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना सके। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत फैसलों की मजबूत नींव होते हैं, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
सम्मान पाने वालों में बेलहरा नगरीय निकाय के विश्वनाथ सिंह, तहसील सिरौलीगौसपुर के प्रेमचन्द्र, बंकी नगरीय निकाय की कंचन प्रभा, तहसील हैदरगढ़ के सुखदेव, तहसील नवाबगंज की अर्चना सिंह, नगर पंचायत रामसनेहीघाट के रविकान्त श्रीवास्तव और विजय बहादुर, तहसील रामसनेहीघाट की पिंकी सिंह, तहसील रामनगर के सुनील तिवारी, नगर पंचायत सिद्धौर के आदर्श सोनी तथा तहसील फतेहपुर के अमित सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम निरंकार सिंह समेत जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी