बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित टीम ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, अधिवक्ता हित में कार्य करने का लिया संकल्प
फिरोजाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)। बार एसोसिएशन फिरोजाबाद की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम मंगलवार को बार हाल में संपन्न हुआ। नवनिर्वाचित टीम ने शपथ लेते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अधिवक्ता हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
बार एसोसिएशन फिरोजाबाद के बार हाल में मंगलवार को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज डॉ. बब्बू सारंग ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरवीर सिंह यादव को शपथ दिलाई। इसके साथ ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुंदर सिंह यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने महासचिव कृष्ण कुमार चौहान, कनिष्ठ उपाध्यक्ष रोहिताश कुमार यादव को बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष वर्तमान सदस्य प्रशांत सिंह अटल, कोषाध्यक्ष डॉ मनोज दीक्षित को एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी महेंद्र सिंह तथा सहसचिव आकाश गुप्ता, खुशबू जादौन व माधव प्रसाद यादव को परिवार न्यायालय के पीठासीन अधिकारी अरविंद कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर जिला जज डॉ बब्बू सारंग ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि बार एवं बेंच एक दूसरे के अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान आंदोलन या हड़ताल नहीं है आपसी सामंजस एवं बातचीत से भी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से आपसी सामंजस बनाकर कार्य करने की अपेक्षा की है। इसके साथ ही उन्होंने सुलह समझौते के आधार पर मुकदमों के निस्तारण पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नवनिर्वाचित टीम ने कहा कि उनका सहयोग हमेशा अधिवक्ताओं के लिए रहेगा। उन्होंने कहा कि जो भी प्रशासनिक स्तर से समस्याएं है, उनका निस्तारण किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने भी नई टीम को बधाई देते हुए पुलिस स्तर से सहयोग की बात कही।
इसके साथ ही मंच पर मौजूद बर काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल, एल्डर कमेटी के चेयरमैन अधिवक्ता अनूप चंद जैन, मुख्य चुनाव अधिकारी शिवराज सिंह यादव आदि ने भी अपने-अपने विचार रखें। कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष शंकर लाल निषाद एवं कार्यक्रम का कुशल संचालन डीजीसी फौजदारी राजीव प्रियदर्शी ने किया।
इस मौके पर बर काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी हरजीत अरोड़ा, वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ देवी राम यादव, रामरक्षपाल सिंह यादव, नानक चंद्र भट्ट, जेपी शर्मा, फिरोज आदिल खान, अजय कुमार राही, मंगल सिंह राठौर, विश्राम सिंह राठौर, एडीसी मनोज शर्मा, शैलेंद्र प्रताप सिंह, अजमोद चौहान, कमल सिंह, अजय शर्मा, नरेंद्र राठौर, शरशाद अली खान, अरबाज खान, अनस अहमद खान, अशोक चंचल, अब्दुल नगीन खान, विवेक यादव, शशिकांत यादव आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़