वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर की गली में छज्जा गिरा, नौ श्रद्धालु घायल

 


मथुरा, 09 जून(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में वृन्दावन के विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर की गली में मंगलवार शाम एक छज्जा टूट कर गिर गया। मंदिर के गेट नंबर पांच की ओर जाने वाली गली में मकान का छज्जा गिरने से नौ श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें चार गंभीर रूप से घायल हैं। घायलाें का इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना है।

श्रीबांकेबिहारी मंदिर और श्रद्धालुओं का हादसों से नाता टूटने का नाम नहीं ले रहा है। अभी तीन दिन पूर्व ही मंदिर के गेट नंबर तीन पर अचेत हो जाने से मध्य प्रदेश के श्रद्धालु की मौत हो गई। मंगलवार शाम को श्री बांके बिहारी मंदिर के गेट नंबर पांच की ओर जाने वाली गली में शाम लगभग पांच बजे सुधीर गोस्वामी के मकान का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। इसमें नौ श्रद्धालु घायल हो गए। उनमें से चार की हालत गंभीर है। उपचार चल रहा है। घायलों में बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों को ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के समय तेज आंधी चल रही थी। बंदर छज्जों पर कूद रहे थे। इसी बीच पुराने मकान का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। ईंट, सीमेंट और कंक्रीट मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के सिरों पर अचानक गिर गया। चीख पुकार मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।

रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती हुए घायल, डीएम, एसएसपी मिलने पहुंचे

वृन्दावन बांके बिहारी मंदिर हादसे में घायलों को स्थानीय रामकृष्ण मिशन चेरिटेबिल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। हादसे में अलीगढ़ निवासी लक्ष्मीनारायण पुत्र शिशुपाल, रुद्रांश (05) पुत्र विजय, विजय पुत्र सतीष निवासी आगरा, उर्मिला देवी (70) पत्नी गोविंद लाल, राजस्थान की चंचल प्रजापति (26) पुत्री ओमप्रकाश, जानकी देवी (48) पत्नी ओमप्रकाश, मेघा सैनी, जनकपुरी दिल्ली निवासी गोविंद (55) पुत्र खुशीलाल व आस्था भदौरिया (17) पुत्री मुकेश निवासी एटा शामिल हैं।

अगस्त 2023 के अधिक मास में भी हुआ था हादसा

तीन साल पहले भी 2023 के अगस्त माह में पुरुषोत्तम मास के दौरान बांके बिहारी मंदिर के श्रद्धालुओं के साथ मंदिर के समीप दुसायत मोहल्ले में अचानक इमारत ढहने से गंभीर हादसा हुआ था। शाम के वक्त हुए उस हादसे में तब पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गयी थी। हादसे के बाद नगर निगम प्रशासन ने सरसरी तौर पर कागजी कार्यवाही को तरजीह देते हुए नगर में पुराने और जर्जर भवन स्वामियों को नोटिस थमाए थे। उसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार