उप्र का मौसम : अप्रैल माह के नए कीर्तिमान 47.6°C के साथ बांदा सर्वाधिक गर्म, 28 अप्रैल से दिखेगा बदलाव
--बुंदेलखंड को छोड़कर प्रदेश भर में तापमान में गिरावट के बीच बांदा में पारा अप्रैल माह के सर्वकालिक सर्वोच्च स्तर के पार
--28 अप्रैल से प्रदेश को व्यापक लू की परिस्थितियों से राहत मिलने की सम्भावना
लखनऊ , 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पूरब से लेकर पश्चिम और बुंदेलखंड में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। पिछले 24 घंटों में बांदा का तापमान 47 डिग्री के पार कर गया और सोमवार इस सीज़न का सबसे गर्म दिन रहा। यही नहीं बांदा वर्ष 2022 के बाद पहली बार अप्रैल में देश का सबसे गर्म स्थान बना। इसके साथ-साथ प्रयागराज-वाराणसी, आगरा और झांसी में भी चिलचिलाती गर्मी और गर्म लू ने आम लोगों का जीवन दूभर कर दिया है।
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ के केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निम्न क्षोभ मण्डल में प्रदेश के उत्तर पश्चिमी भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण से पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बने एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण से होते उत्तरी-पश्चिमी बांग्लादेश तक जा रही पूर्वी-पश्चिमी द्रोणी के प्रभाव से आ रही आर्द्र पुरवा हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी भाग के अतिरिक्त अन्य सभी भागों में पारे में 2-4°C की गिरावट दर्ज की गयी है। बुंदेलखंड में लगभग 1°C की बढ़ोत्तरी की वजह से उत्तर प्रदेश में लू की स्थितियां सिमटकर बुंदेलखंड क्षेत्र के झाँसी, जालौन एवं बांदा तक सीमित रह गईं।
उन्होंने बताया कि बुन्देलखण्ड के बांदा में पारा अप्रैल माह का नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 47.6°C पर पहुँच गया, जो अपने पिछले उच्चतम मान 47.4°C (25 अप्रैल 2026 एवं 30 अप्रैल 2022) से 0.2°C अधिक है| इसी क्रम में उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बुंदेलखंड के दक्षिणी भाग में पहुँचने से झांसी व ललितपुर में आरम्भ हुई छिटपुट बारिश का दौर आने वाले दिनों में इसकी निम्न क्षोभमण्डलीय पुरवा हवाओं से संभावित प्रतिक्रिया के परिणामस्वरूप प्रदेश भर में बादलों की आवाजाही के साथ मेघगर्जन एवं तेज झोंकेदार हवाओं के साथ संभावित वर्षा से बुन्देलखण्ड सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों के तापमान में व्यापक गिरावट के परिणामस्वरूप 28 अप्रैल से प्रदेश को व्यापक लू की परिस्थितियों से राहत मिलने की सम्भावना है|
--दो मई तक प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 अप्रैल से मौसम और सक्रिय होगा और प्रदेश के कई हिस्साें में बादलों की आवाजाही रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, आगरा, मेरठ सहित कई जिलों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की सम्भावना जतायी गयी है। प्रदेश में 2 मई तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा।
--लखनऊ का तापमान भी 43 डिग्री के पार
प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोग भी भीषण गर्मी की चपेट में है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटे जैसी स्थिति बनी रहती है और देर शाम तक गर्म हवा रहती है। इस सीजन में सोमवार का दिन सबसे गर्म रिकार्ड किया गया है। सोमवार को राजधानी का पारा 43 डिग्री के पार चला गया न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह