बांदा में अव्यवस्था से नाराज गल्ला मंडी के व्यापारियों ने प्रदर्शन किया, जिलाधिकारी व एसपी को सौंपा ज्ञापन

 


बांदा, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में गल्ला मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और हाल ही में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मंडी सचिव पर अभद्र व्यवहार, अनियमितताओं और कर्मचारियों से निजी कार्य कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए। साथ ही 4 जुलाई को हुई 6.33 लाख रुपए की चोरी का जल्द खुलासा करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश सर्राफ ने बताया कि 4 जुलाई 2026 को गल्ला मंडी स्थित एक व्यापारी की दुकान का ताला तोड़कर चोर तिजोरी से 6 लाख 33 हजार 218 रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस जांच के लिए सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर अपने साथ ले गई, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। इससे व्यापारियों में भारी नाराजगी है।

व्यापार मंडल ने मंडी सचिव पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंडी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। मंडी में आठ सफाई कर्मचारियों की तैनाती होने के बावजूद परिसर में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा रहता है। आरोप है कि अधिकांश सफाई कर्मचारी मंडी सचिव के निजी कार्यों में लगे रहते हैं, जिससे मंडी की साफ-सफाई प्रभावित हो रही है।

व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि मंडी परिसर की सुरक्षा के लिए तीन गार्ड तैनात हैं, लेकिन नियमित रूप से केवल एक गार्ड ही ड्यूटी करता है, जबकि अन्य दो गार्ड अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। ऐसी लापरवाही के चलते चोरी जैसी घटनाएं हो रही हैं और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मंडी सचिव आए दिन व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। व्यापारियों से मेंटेनेंस के नाम पर लगभग 20 प्रतिशत तक शुल्क वसूला जाता है, लेकिन इसके बदले कोई मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी सफाई व्यवस्था खराब होने के कारण बारिश का पानी पूरे मंडी परिसर में भर गया था, जिससे कई व्यापारियों का अनाज भीगकर खराब हो गया था। व्यापारियों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, मंडी की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाने तथा 4 जुलाई को हुई चोरी का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह