बलरामपुर : व्यापारिक सम्मेलन में भारत-नेपाल के व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर हुई चर्चा

 


बलरामपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर के नेपाल सीमा क्षेत्र कोइलाबास के देवखुरी में आयोजित व्यापारिक सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों के उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस दौरान भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार को बढ़ावा देने तथा दोनों देशों के व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

देवखुरी उद्योग वाणिज्य संघ, लमही के आमंत्रण पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के श्रावस्ती जिलाध्यक्ष एवं बलरामपुर प्रभारी दीनानाथ गुप्ता, जिला महामंत्री राजेश रस्तोगी, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता, नगर मंत्री रवि गुप्ता और मीडिया प्रभारी महेंद्र द्विवेदी कार्यक्रम में शामिल हुए। इनके साथ तुलसीपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामकुमार कसौधन, उपाध्यक्ष घनश्याम कसौधन, महामंत्री श्याम सुंदर तथा कोषाध्यक्ष हिमांशु जिंदल भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में देवखुरी उद्योग वाणिज्य संघ की 13वीं कार्यकारिणी के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का नेपाल की स्थानीय सांस्कृतिक परंपरा के तहत ताज और मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया। समारोह के दौरान देवखुरी उद्योग वाणिज्य संघ के वर्तमान एवं निवर्तमान अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दोनों देशों के व्यापारियों के बीच आपसी मेलजोल और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने तथा व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

आज रविवार सुबह कार्यक्रम से वापस लौटे तुलसीपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामकुमार कसौधन ने बताया कि कार्यक्रम में भारत और नेपाल के व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि नेपाल के व्यापारियों ने भारतीय प्रतिनिधियों का सम्मान करते हुए भारत को बड़े भाई के समान बताया। दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते मजबूत होने से सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे। कार्यक्रम शनिवार को आयोजित हुआ था।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन