नियमित योग अभ्यास से बढ़ती है कार्यक्षमता : पुलिस अधीक्षक

 




बलरामपुर, 18 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योगा फॉर हेल्दी एजिंग थीम के तहत योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया । इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

मौके पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्यकाल के बीच प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया।

योगाचार्य डॉ. अमरजीत ने पुलिसकर्मियों की तनावपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के संदर्भ में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग तनाव प्रबंधन का प्रभावी माध्यम है। योग को दैनिक जीवन में अपनाकर मानसिक संतुलन, धैर्य और सकारात्मक सोच विकसित की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान योग सहायक अभिषेक मणि त्रिपाठी ने सूक्ष्म योगाभ्यास कराया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से संबंधित गतिविधियों का संचालन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. संजय कुमार, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. वीर पाल सिंह तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) दुर्गेश कुमार चौधरी के निर्देशन में किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बिहारी सिंह यादव सहित रिजर्व पुलिस लाइन के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन