विद्युत समस्याओं का अधिकारी त्वरित करें निस्तारण, उपभोक्ताओं को न हो परेशानी : जिलाधिकारी
बलरामपुर 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने गुुरुवार काे उपभोक्ताओं की बिजली समस्याएं दूर करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने यह निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। जिलाधिकारी ने जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, लाइन लॉस, लो वोल्टेज की समस्या तथा खराब ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लाइन लॉस कम करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर नियमित निगरानी की जाए तथा लाइनमैनों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने लो वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए फीडरों की बैलेंसिंग कर विद्युत आपूर्ति को संतुलित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर बदलकर विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने और शिकायत निस्तारण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य अभियंता, देवीपाटन मंडल ने विभागीय कार्यों की प्रगति, लाइन लॉस नियंत्रण तथा विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता बलरामपुर एवं तुलसीपुर, सभी एसडीओ, जेई तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन