बागपत में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट , तापमान 45 डिग्री
बागपत, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। हाल ही में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किए जाने से आम जनजीवन पर असर पड़ने की संभावना है। ऐसे में लू (हीट वेव) से बचाव को लेकर सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे जारी एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें। कहा गया है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर में ही रहें। बाहर निकलते समय सिर को ढकें और हल्के, सूती कपड़े पहनें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और ओआरएस, नींबू पानी, छाछ जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें। घर को ठंडा और हवादार बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
बागपत सीएचसी प्रभारी विभास राजपूत का कहना है कि लापरवाही बरतने पर स्थिति गंभीर हो सकती है और हीट स्ट्रोक जैसी जानलेवा स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।जिलाधिकारी बागपत में स्वास्थ्य विभाग को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी