खाकी वर्दी ने लिया पर्यावरण का संकल्प, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत राेपे पाैधे
बागपत, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पुलिस विभाग ने रविवार काे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को गति दी है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश पर रविवार को जिले के सभी थाना परिसरों में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अभियान के तहत थाना प्रभारियों व पुलिस कर्मियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए, जिससे यह पहल स्थायी रूप से सफल हो सके। वृक्षारोपण के दौरान पुलिस कर्मियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाते हुए उन्हें पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आमजन से भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित करने की अपील की गई। पुलिस विभाग की इस पहल से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी मजबूत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी