बागपत में पिछड़ा वर्ग आयोग की बैठक में आरक्षण व सामाजिक स्थिति पर चर्चा, जनप्रतिनिधियों से भी की भेंट
बागपत, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के विकास भवन सभागार में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के अध्यक्ष राम औतार सिंह, सदस्य एस.पी. सिंह तथा सदस्य संतोष कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
बैठक में आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों ने अधिकारियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनके सुझाव लिए। इस दौरान ग्रामीण निकायों में पिछड़े वर्ग के आरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोग ने ग्रामीण क्षेत्रों में पिछड़े वर्ग की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, भूमि स्वामित्व, भूमिहीन परिवारों की संख्या, आय के स्रोत, सरकारी सेवाओं में भागीदारी तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व से संबंधित आंकड़ों और सुझावों पर विचार किया। साथ ही विभिन्न जातियों की जनसंख्या को लेकर भी जानकारी संकलित की गई।
बैठक में जनजागरूकता बढ़ाने, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान सुनिश्चित करने तथा पिछड़े वर्ग के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रभावी उपायों पर भी चर्चा हुई। आयोग ने स्पष्ट किया कि प्राप्त सुझावों व तथ्यों का परीक्षण कर शासन को आवश्यक संस्तुतियां भेजी जाएंगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी