बागपत में अस्थायी एक थाना व 11 चौकियां स्थापित, बढ़ाई गयी कांवड़ यात्रा की सुरक्षा
बागपत, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने तैयारियाें की समीक्षा बैठक की। उन्हाेंने बताया कि कांवड़ मार्गों और मेला क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 4 अस्थायी थाने और 58 अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। खास बात यह है कि इस बार श्रावण मास शुरू होने से चार दिन पहले ही इन व्यवस्थाओं को सक्रिय कर दिया गया है।
डीआईजी के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी करने और आपातकालीन स्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। जनपदवार व्यवस्था के तहत मेरठ में 1 थाना व 9 चौकियां, बुलंदशहर में 1 थाना व 17 चौकियां, बागपत में 1 थाना व 11 चौकियां तथा हापुड़ में 1 थाना व 21 चौकियां स्थापित की गई हैं। सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इन अस्थायी थानों और चौकियों को श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुविधायुक्त बनाया गया है। यहां संचार व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश, प्राथमिक उपचार और जनसहायता केंद्र उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक इकाई को जीपीएस से जोड़ा गया है, जिससे कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा सकेगी।
डीआईजी ने निर्देश दिए हैं कि सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान अनुशासन में रहें, श्रद्धालुओं से शिष्ट व्यवहार करें और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें।
क्यूआर कोड लगाए जाएंगे
चौकियों पर क्यूआर कोड भी लगाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु मार्ग और आसपास की सुविधाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी