बागपत : बसाई जा रही अवैध कॉलोनी जमींदोज
बागपत, 16 नवंबर (हि.स.)। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण का बुलडोजर सोमवार को एक बार फिर बड़ौत में गरजा। प्राधिकरण की टीम ने लोहड्डा नहर के पास बसाई जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। जेसीबी ने कॉलोनी में किए गए विकास कार्यों, डिमार्केशन, इंटरलॉकिंग मार्ग और प्लॉटों की बाउंड्री को गिराकर जमीन को खाली कराया।
कार्रवाई प्राधिकरण के नगर नियोजक प्रभात कुमार पॉल के निर्देशन में की गई। टीम के पहुंचते ही कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। प्राधिकरण ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और बिना ले-आउट पास कराए अवैध रूप से कॉलोनी बसाई जा रही थी। लोगों को प्लॉट बेचने का काम चल रहा था। प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को साफ चेतावनी दी कि इस कॉलोनी में भूखंड न खरीदें। यहां खरीदा गया प्लॉट पूरी तरह अवैध माना जाएगा। भविष्य में भी इस जमीन पर कोई निर्माण नहीं करने दिया जाएगा।
बता दें कि प्राधिकरण ने पिछले दिनों भी बड़ौत विकास क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 हजार वर्ग मीटर जमीन खाली कराई थी। अब सोमवार की कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने मंगलवार को भी ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखने का ऐलान किया है।
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि विकास क्षेत्र में केवल प्राधिकरण से स्वीकृत कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदें। अनाधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने पर पैसा डूबने का खतरा है, क्योंकि ऐसी कॉलोनियों को उ0प्र0 नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत ध्वस्त और सील किया जा सकता है। इसका नुकसान पूरी तरह क्रेता का होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी