बागपत में पूर्व सैनिकों के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक, पेंशन का मुद्दा उठा

 


बागपत, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व सैनिकों ने सैनिक भवन की स्थापना, पुलिसकर्मियों द्वारा सम्मानजनक व्यवहार और पेंशन संबंधी समस्याओं के मुद्दे उठाए।

बैठक में पूर्व सैनिकों ने जिले में सैनिक भवन स्थापित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सैनिक भवन बनने से पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों को अपनी समस्याएं रखने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए एक उपयुक्त स्थान मिल सकेगा। जिलाधिकारी ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूर्व सैनिकों ने पुलिसकर्मियों द्वारा अपेक्षित सम्मान नहीं दिए जाने का मुद्दा भी उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पूर्व सैनिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में पेंशन से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। पूर्व सैनिकों ने अपने प्रकरण जिलाधिकारी के सामने रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़े मामलों में प्रशासन गंभीरता से काम करेगा। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का समाधान कर पात्र लोगों को राहत पहुंचाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेंद्र पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी