बागपत में कुत्ता काटने से युवक की मौत, 55 लोगों ने लगवाए एंटी रेबीज इंजेक्शन

 


बागपत, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के ललियाना गांव में 35 वर्षीय अनीश की काटने से मौत हो गयी। गांव में भय और चिंता का माहौल बन गया है। घबराए गांव के 37 लोगो ने पीएचसी पहुंचकर एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगवाए है। ताकि रेबीज से बचा जा सके। ललियाना गांव निवासी अनीश को करीब तीन महीने पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। परिजनों के अनुसार इसके बाद उसमें धीरे-धीरे रेबीज के लक्षण विकसित हुए और मंगलवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में संक्रमण को लेकर अफवाहें फैलने लगीं।

मंगलवार को मृतक के परिजन समेत करीब 37 लोग रटौल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगवाए। ग्रामीणों का कहना था कि जो लोग अनीश के संपर्क में आए हैं, उन्हें भी संक्रमण का खतरा हो सकता है, इसलिए एहतियातन टीकाकरण कराया गया। हालांकि पीएचसी प्रभारी सेलेक्षी का कहना है कि रेबीज सामान्य संपर्क या किसी संक्रमित व्यक्ति को छूने से नहीं फैलता। यह बीमारी मुख्य रूप से संक्रमित पशु के काटने या खरोंचने से ही फैलती है। इसके बावजूद सावधानी के तौर पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे सभी लोगों को टीके लगाए गए। आज क्षेत्र के 55 लोगों को एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी