बागपत के हर गांव में बनेगी नशा मुक्ति सेना, नशे के खिलाफ युवाओं को किया जाएगा जागरूक

 


बागपत, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के ढिकोली गांव निवासी जाट महासभा के जिला अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सोमेंद्र ढाका के आवास पर रविवार दोपहर नशा मुक्ति जनसेना की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न गांवों से पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने भाग लिया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले के प्रत्येक गांव में नशा मुक्ति जनसेना का गठन कर नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। आगामी दो माह के भीतर सभी गांवों में संगठन का गठन पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए केटी विंग्स के संस्थापक के.टी. भैया ने कहा कि नशा आज समाज के सामने सबसे बड़ी सामाजिक बुराइयों में से एक बन चुकी है। यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो युवाओं का भविष्य गंभीर संकट में पड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर युवाओं, अभिभावकों और समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक किया जाएगा तथा सभी के सहयोग से जनपद को नशामुक्त बनाने का अभियान चलाया जाएगा।

अधिवक्ता सोमेंद्र ढाका ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में नशा मुक्ति जनसेना की टीम गठित कर युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा, जिससे गांव स्तर पर लोगों को जागरूक कर नशे की रोकथाम की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सके।

हिन्दू संगठन से जुड़े अधिवक्ता आकाश त्यागी ने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी युवाओं से इस जन अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। बैठक में कपिल त्यागी, रामनिवास चेयरमैन, हिम्मत सिंह टटीरी, अरुण मलिक, राहुल चौधरी, सचिन, विनय ढाका, डॉ. राघवेंद्र सिंह, भाकियू पिलाना ब्लॉक अध्यक्ष नीरज ढाका, लाखन ढाका सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी